IPL 2025: चेपॉक में CSK के सामने MI का चैलेंज, जानें कैसा रहा है दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड
- bySagar
- 23 Mar, 2025

MI Vs CSK: चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस को आईपीएल इतिहास की सबसे कामयाब टीमों में गिना जाता है। दोनों टीमों ने रिकॉर्ड 5-5 बार खिताब जीता है। लेकिन दोनों के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड कैसा है?
आज चेपॉक में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के बीच मुकाबला भारतीय समयनुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा। चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस ने आईपीएल के इतिहास में अपनी जबरदस्त पहचान बनाई है। दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो अब तक कुल 37 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें मुंबई इंडियंस ने 20 मैच जीते हैं, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स ने 17 मैचों में जीत दर्ज की है।
मुंबई इंडियंस का चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर 219 रन रहा है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स का मुंबई इंडियंस के खिलाफ सर्वाधिक स्कोर 218 रन है। वहीं, मुंबई इंडियंस का सबसे कम स्कोर 136 रन है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स का न्यूनतम स्कोर 79 रन है।
पिछले तीन मुकाबलों में चेन्नई सुपर किंग्स का दबदबा रहा है। आईपीएल 2023 में दोनों के बीच दो बार टक्कर हुई और दोनों बार चेन्नई ने बाज़ी मारी। इसके बाद आईपीएल 2024 में भी चेन्नई सुपर किंग्स ने जीत दर्ज की।
आज के मैच में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपनी हार का सिलसिला तोड़ने की कोशिश करेगी। क्या मुंबई इंडियंस वापसी कर पाएगी या फिर चेन्नई सुपर किंग्स का दबदबा बरकरार रहेगा? देखना दिलचस्प होगा!